
118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल; पथराव और तोड़फोड़ से मचा हड़कंप
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ ने संसद की ओर बढ़ने का प्रयास किया, जिसके दौरान बैरिकेड्स तोड़े गए, पुलिस पर पथराव किया गया तथा कई पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हालात को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। झड़प में स्पेशल कमिश्नर और डीसीपी रैंक के अधिकारियों सहित कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना क्षेत्रों में दंगा भड़काने, सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया पर वायरल लगभग 250 वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।







