इंडियन आयल कोरबा डिपो की मनमानी, चहेते पंपो को सप्लाई, बाक़ी पम्प ड्राई, जनता हलाकान
✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

डिपो ने रोकी सप्लाई, पंप सूखे: कोरबा में ईंधन को लेकर हाहाकार
इंडियन ऑयल डिपो पर आरोप: चहेते पंपों को सप्लाई, बाकी पंप सूखे, थम सकती हैं शहर की रफ्तार
कोरबा। जिले में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत ने हालात बिगाड़ दिए हैं। डिपो से सप्लाई पूरी तरह बंद होने के कारण शहर के कई पेट्रोल पंप सूख चुके हैं, जिससे आमजन से लेकर परिवहन व्यवस्था तक पर गहरा असर पड़ा है। सूत्रों के मुताबिक इंडियन ऑयल कोरबा डिपो की मनमानी इस कदर बढ़ गई है कि केवल चहेते पंपों को ही पेट्रोल-डीजल की सप्लाई की जा रही है। इसके चलते शहर के अधिकांश पेट्रोल पंप ड्राई हो चुके हैं। डिपो की इस लापरवाही से जनता हलाकान है और रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
कई पेट्रोल पंपों में पेट्रोल-डीजल पूरी तरह खत्म हो चुका है, पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा पंप संचालकों को आपूर्ति नही किए जाने से पंप संचालक ग्राहकों को ईंधन देने में असमर्थ नजर आ रहे हैं और लोगों को घंटों भटकना पड़ रहा हैं। अचानक आई इस किल्लत ने वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वहीं, मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होने लगी है, जिससे आने वाले दिनों में बाजार व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका हैं।

ड्राई हुए पेट्रोल पंप, चुनिंदा पंपों पर अधिक कीमत पर बिक रहा पेट्रोल-डीजल
सूत्रों के अनुसार शहर के अधिकांश पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो चुके हैं। डिपो की ओर से केवल कुछ चुनिंदा पेट्रोल पंपों को ही पेट्रोल-डीजल की सप्लाई दी जा रही है, जिसके चलते इन पंपों पर ग्राहकों को अधिक कीमत पर पेट्रोल और डीजल बेचा जा रहा है।
डिपो से सप्लाई पूरी तरह बंद: जनता में आक्रोश
गौरतलब है कि देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, पर कोरबा जिले में डिपो प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और लोग प्रशासन से तत्काल ईंधन आपूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे हैं। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
शादी का सीजन बना नई चिंता, ईंधन नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
इधर, जिले में शादी का सीजन भी चल रहा है, ऐसे में पेट्रोल और डीजल की किल्लत ने लोगों की चिंताएं और बढ़ा दी हैं। बारात, मेहमानों की आवाजाही और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं ईंधन के अभाव में प्रभावित हो सकती हैं। यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में भी भारी अव्यवस्था देखने को मिल सकती है।





