भाजपा नेता पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी रज्जाक अली समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने शहर में पैदल घुमाया
✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

रॉड-डंडों से बरसाए वार, फिर टूटी अपराधियों की हेकड़ी; रज्जाक अली समेत चार आरोपियों की शहर में निकली पैदल परेड
जिस शहर में मचाया था आतंक, उसी शहर में पैदल घुमाए गए आरोपी
कोरबा। जिले में भाजपा नेता एवं पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रज्जाक अली सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को शहर की सड़कों पर पैदल घुमाकर कानून का सख्त संदेश दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की शहरभर में सराहना हो रही है, वहीं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है। गौरतलब है कि सोमवार दोपहर आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से भाजपा नेता शिव बालक सिंह तोमर पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने रॉड, डंडों और बेसबॉल स्टिक से उनके पैरों, विशेषकर घुटनों के नीचे ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि एक आरोपी तलवार लेकर भी मौके पर पहुंचा था, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई।

हमले में गंभीर रूप से घायल हुए शिव बालक सिंह तोमर को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की तेजी का परिणाम यह रहा कि मुख्य आरोपी रज्जाक अली समेत चारों आरोपियों को कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें शहर में पैदल घुमाकर आम जनता को यह संदेश दिया कि कानून हाथ में लेने वालों के लिए किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी।
अस्पताल पहुंचे केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, सख्त कार्यवाही के निर्देश के बाद आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा
केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित कई नेता अस्पताल पहुंचे और घायल शिव बालक सिंह तोमर का हालचाल जाना। इस दौरान आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उन्हें पैदल घुमाया गया।









