राशन घोटाले पर हंगामा: कार्यालय से गायब मिले जिला खाद्य अधिकारी, चैंबर में धरने पर बैठे ग्रामीण
✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

कोरबा में राशन घोटाले पर बवाल, खाद्य अधिकारी के चैंबर में ग्रामीणों का धरना।
कोरबा। जिले में राशन वितरण में गड़बड़ी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण खाद्य अधिकारी के कार्यालय पहुंच गए और अधिकारी के चैंबर में ही धरना देकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि लापरवाह अधिकारियों की वजह से उन्हें पिछले तीन महीनों से राशन नहीं मिल रहा है, जिससे उनके सामने गंभीर खाद्य संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
प्रदर्शन उस समय और तेज हो गया जब खाद्य अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। इससे नाराज ग्रामीण सीधे उनके चैंबर में बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही और उदासीन रवैये के कारण पात्र हितग्राहियों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। इससे पहले भी कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। लगातार अनदेखी से परेशान होकर अब उन्हें मजबूरन इस तरह का कदम उठाना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही राशन वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।





