
“मैं अनिकेत हूँ” ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
कोरबा में गूंजा रंगमंच का जादू: मैं अनिकेत हूँ ने बांधा समा, दर्शक हुए भाव-विभोर
कोरबा। रोटरी क्लब कोरबा एवं महाराष्ट्र मंडल कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 21 मार्च 2026 को प्रदेश के सुप्रसिद्ध हिंदी नाटक “मैं अनिकेत हूँ” का भव्य मंचन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या ने शहर के कला प्रेमियों को एक यादगार अनुभव प्रदान किया, जहां अभिनय, संवाद और प्रस्तुति ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी उपस्थित रहे। उन्होंने नाटक की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं और युवाओं को रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, समाजसेवी अशोक मोदी, रामसिंह अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केसरी, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, अधिकारी एवं कला प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
मैं अनिकेत हूँ के मंचन पर श्री गोपाल मोदी ने बढ़ाया कलाकारों का हौसला
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाली एक सशक्त विधा है। उन्होंने कहा कि “मैं अनिकेत हूँ” जैसे सार्थक नाटक सामाजिक संवेदनाओं को जागृत करते हैं और दर्शकों को आत्ममंथन के लिए प्रेरित करते हैं। श्री मोदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नाट्य कला का एक समृद्ध और गौरवशाली इतिहास रहा है, जो समाज के हर वर्ग को जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि मंच पर प्रस्तुत उनकी जीवंत अभिव्यक्ति, संवादों की गहराई और भावनात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और वे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं। साथ ही उन्होंने आयोजकों, रोटरी क्लब कोरबा एवं महाराष्ट्र मंडल की सराहना की।

महाराष्ट्र मंडल रायपुर द्वारा प्रस्तुत इस नाटक का मुख्य उद्देश्य कोरबा में रंगमंच की गतिविधियों को पुनर्जीवित करना और विशेष रूप से युवाओं को थिएटर से जोड़ना रहा। कलाकारों के सशक्त अभिनय और जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया। यह आयोजन कोरबा के सांस्कृतिक परिदृश्य में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने वाला साबित हुआ।






