छत्तीसगढ़भ्रष्टाचार/फर्जीवाड़ा/सरकारी धन का गबन

सरकारी निगरानी में ही गैस की हेराफेरी – जब्त ट्रकों से 1.5 करोड़ की एलपीजी गायब, जिला खाद्य अधिकारी समेत 4 गिरफ्तार

✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

थाने में खड़े ट्रकों से गायब हो गई डेढ़ करोड़ की एलपीजी, जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव समेत चार गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में जब्त किए गए एलपीजी से भरे ट्रकों से करीब 1.5 करोड़ रुपये की गैस की हेराफेरी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर सुनियोजित तरीके से 92 मीट्रिक टन एलपीजी की चोरी और जाली दस्तावेज तैयार करने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव, गौरव गैस एजेंसी संचालक पंकज चंद्रकार, मनीष चौधरी और निखिल वैष्णव शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष दिसंबर में सिंहोदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एलपीजी से भरे छह ट्रकों को जब्त किया था। ट्रकों में भारी मात्रा में गैस भरी होने और गर्मी के मौसम में किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मार्च माह में जिला प्रशासन को पत्र लिखकर ट्रकों को सुरक्षित स्थान पर भेजने का अनुरोध किया था।
इसके बाद 30 मार्च को खाद्य विभाग के अधिकारियों ने खाद्य निरीक्षकों और अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में ट्रकों को ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स के संचालक संतोष सिंह ठाकुर को सौंप दिया। बाद में इन ट्रकों को सिंहोदा से रायपुर जिले के अभनपुर स्थित ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया। जांच में सामने आया कि ट्रकों को औपचारिक रूप से सौंपे जाने से पहले ही एलपीजी की हेराफेरी की पूरी साजिश रच ली गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से गैस निकालकर उसकी अवैध बिक्री की और दस्तावेजों में भी हेरफेर किया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है। मामले के सामने आने के बाद खाद्य विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button