
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर के हृदय स्थल डॉ. भीमराव अम्बेडकर ओपन ऑडिटोरियम कोरबा में तीन दिवसीय राज्योत्सव 2025 का भव्य आयोजन हुआ। प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास की उपलब्धियों के इस उत्सव ने जनमानस को गौरव का अहसास कराया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी की गरिमामय उपस्थिति ने समारोह की शोभा में चार चांद लगा दिए।
अपने उद्बोधन में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि “राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ ने निरंतर प्रगति के पथ पर कदम बढ़ाए हैं। प्रदेश आज विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में अग्रसर है।” उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके सहयोग और दृष्टि से ही छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना संभव हुई थी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्योत्सव हमें अपनी संस्कृति, परंपरा और जनसेवा के मूल्यों को याद करने का अवसर देता है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की गौरवशाली 25 वर्षों की विकास यात्रा का प्रतीक है।”

विभागीय योजनाओं के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई थी। केबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन और भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। राज्योत्सव 2025 ने विकास और संस्कृति का ऐसा समागम प्रस्तुत किया जिसने छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. पवन सिंह, निवर्तमान जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री युवा मोर्चा श्री नरेंद्र देवांगन, एम.आई.सी. सदस्य श्री हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, श्री योगेश जैन, जिला कोषाध्यक्ष श्री अजय पांडेय व समाजसेवी श्री राकेश नागरमल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नगरवासी उपस्थित रहे।







