जयघोष से गूंजा ड्रीम इंडिया स्कूल, नन्हे भक्तों ने निकाली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा
✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

कोसाबाड़ी पीजी कॉलेज के सामने स्थित विद्यालय में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया रथ यात्रा महोत्सव
कोरबा। कोसाबाड़ी पीजी कॉलेज के सामने संचालित ड्रीम इंडिया स्कूल में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा, जहां नन्हे विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकालकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की मनमोहक झांकी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सुसज्जित रथ के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में सजे छात्र-छात्राएं “जय जगन्नाथ” के जयघोष करते हुए श्रद्धा और उल्लास के साथ यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया। बच्चों ने भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक एवं भावपूर्ण बना दिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने भगवान जगन्नाथ से क्षेत्र में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना करते हुए रथ यात्रा महोत्सव को हर्षोल्लास के साथ संपन्न किया।








