वायरल ऑडियो पड़ा भारी: जल संसाधन विभाग के EE शशांक सिंह सस्पेंड, शासन का बड़ा एक्शन
✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ शासन ने जल संसाधन विभाग में पदस्थ कार्यपालन अभियंता (ईई) शशांक सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया में वायरल हुए एक ऑडियो क्लिप और कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है। शासन के इस फैसले से विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है।
जारी आदेश के अनुसार, जांच में यह सामने आया कि ईई शशांक सिंह ने अपने अधीनस्थ वाहन चालक श्री शशिकांत साहू से मोबाइल पर बातचीत के दौरान अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, बातचीत में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति भी अशोभनीय टिप्पणी किए जाने की पुष्टि हुई है।
शासन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का उल्लंघन माना और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान शशांक सिंह का मुख्यालय प्रमुख अभियंता, जल संसाधन विभाग, शिवनाथ भवन, नया रायपुर अटल नगर निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
यह आदेश जल संसाधन विभाग के उप सचिव रविंद्र कुमार मेढेकर के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक और विभागीय गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।





