कोरबाधर्म और आस्था

हर-हर महादेव के जयघोष के बीच रुद्र महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा का भव्य समापन, विशाल भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब

उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत सहित जनप्रतिनिधिगण व गणमान्य नागरिक हुए शामिल।

कोरबा। रविशंकर शुक्ल नगर स्थित कपिलेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में श्री कपिलेश्वर नाथ महिला मंडल सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य रुद्र महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा का समापन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ हुआ। समापन दिवस पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।

समापन दिवस पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के गगनभेदी जयघोषों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन होकर महायज्ञ, भजन-कीर्तन और पूजन-अर्चन में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने विख्यात शिव महापुराण कथा वक्ता पंडित श्री हनुमान दास जी महाराज की अमृतमयी कथा का श्रवण कर स्वयं को धन्य महसूस किया। श्रद्धालुओं ने महाराज श्री की कथा शैली, सरल भाषा और प्रेरणादायी संदेशों की जमकर सराहना की। कथा के माध्यम से उन्होंने भगवान शिव की महिमा, भक्ति, धर्म और मानव जीवन के मूल्यों का सुंदर वर्णन किया, जिसने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया।

समापन अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान कपिलेश्वर नाथ महिला मंडल सेवा समिति की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। श्रद्धालुओं ने आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था, अनुशासन और सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए समिति के सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया।

मंदिर परिसर भक्ति रस से सराबोर रहा और पूरा क्षेत्र शिवमय वातावरण में डूबा दिखाई दिया। आयोजन के सफल समापन पर समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं भक्तों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button