महाप्रभु की रथयात्रा में आस्था का महासंगम, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने परिवार सहित खींची रथ की रस्सी
✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

रथ की रस्सी थामी, महाप्रभु का आशीर्वाद लिया; सेवा, समर्पण और एकता का दिया संदेश
कोरबा। भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर गुरुवार को कोरबा शहर भक्तिरस में सराबोर हो गया। हजारों श्रद्धालुओं के बीच भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी अपने परिवार सहित रथयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने महाप्रभु श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं भगवान बलभद्र का विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।इस अवसर पर श्री गोपाल मोदी ने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर महाप्रभु के रथ की पवित्र रस्सी खींची। उन्होंने कहा कि “रथ की रस्सी को थामे हमारे दोनों हाथ, हमारे जीवन की डोर थामे श्री जगन्नाथ।” यह क्षण उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और आध्यात्मिक आनंद का विषय है।

महाप्रभु जगन्नाथ की कृपा से हर घर में सुख, शांति और समृद्धि आए – गोपाल मोदी
श्री गोपाल मोदी ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की दिव्य रथयात्रा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, समानता, सामाजिक समरसता और लोककल्याण का जीवंत संदेश है। महाप्रभु सभी भक्तों को एक सूत्र में बांधकर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने महाप्रभु से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे समस्त प्रदेशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का संचार करें। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जय जगन्नाथ के जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने महाप्रभु के दर्शन कर रथ की रस्सी खींचने का सौभाग्य प्राप्त किया और समाज में सुख-शांति एवं कल्याण की कामना की।











