रामनवमी पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने दी जिलेवासियों को बधाई, सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाना ही उनकी सच्ची आराधना
✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

मर्यादा, धर्म और आदर्शों पर चलना ही भगवान श्रीराम की सच्ची आराधना — श्री गोपाल मोदी
कोरबा। मर्यादा, धर्म और आदर्शों के प्रतीक भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के उर्जावान जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में श्री गोपाल मोदी ने कहा कि “मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणा का अनुपम स्रोत है। उनके आदर्शों, त्याग, सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता को अपनाकर ही हम एक सशक्त, न्यायपूर्ण और समरस समाज की स्थापना कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि “रामनवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवन मूल्यों का प्रतीक है। यह हमें धर्म, सत्य और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता हैं। श्री गोपाल मोदी ने जिले के समस्त नागरिकों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि “भगवान श्रीराम की कृपा सभी पर बनी रहे और हमारा समाज प्रेम, भाईचारे एवं निरंतर विकास की दिशा में अग्रसर होता रहे।
मर्यादा और आदर्शों के प्रतीक भगवान श्रीराम – गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी जी ने कहा कि भगवान श्री राम ने कभी भी जात-पात या ऊंच-नीच में विश्वास नहीं किया। उन्होने माता शबरी के प्रेमपूर्वक दिए गए जूठे बेर ग्रहण कर समाज में समानता का संदेश दिया, वहीं केवट को गले लगाकर सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने का आदर्श प्रस्तुत किया। श्री गोपाल मोदी ने कहा कि जिस दिन भगवान राम का राज्याभिषेक होना था, उसी दिन उन्हें 14 वर्षों का वनवास मिला, लेकिन उन्होंने न तो किसी प्रकार का क्रोध दिखाया और न ही अपने पिता के निर्णय पर प्रश्न उठाया। श्री गोपाल मोदी ने आगे कहा कि भगवान राम “मर्यादा पुरुषोत्तम” इसलिए कहलाते हैं क्योंकि उन्होंने अपनी अपार शक्ति के बावजूद कभी उसका दुरुपयोग नहीं किया। समुद्र पार करने के समय भी वे चाहते तो उसे एक क्षण में सुखा सकते थे, लेकिन उन्होंने पहले तीन दिनों तक विनम्रतापूर्वक प्रार्थना की। भगवान राम का जीवन हमें धैर्य, विनम्रता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।








