
चेयरमैन एवं भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की जिला संयोजक अंजना सिंह ने किया ध्वजारोहण
कोरबा। रविशंकर शुक्ल नगर स्थित लिटिल कान्हा स्कूल में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। स्कूल की चेयरमैन एवं भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की जिला संयोजक श्रीमती अंजना सिंह ने ध्वजारोहण कर उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत नजर आया।
पार्षद अब्दुल रहमान ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा देश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया।

श्रीमती अंजना सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित, अनुशासन, शिक्षा और संस्कारों को जीवन में अपनाकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम और देश की एकता-अखंडता के संकल्प के साथ हुआ।









