
रेशम किसानों के आत्मनिर्भरता की राह पर ऐतिहासिक कदम, पाली में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया कृषि मेले का उद्घाटन
“मेरा रेशम, मेरा अभिमान” से किसानों को मिलेगी नई दिशा – गोपाल मोदी

✍️ तेजस्वी न्यूज – सबसे तेज
कोरबा/पाली। पाली में आज रेशम कृषकों के लिए ऐतिहासिक दिन साबित हुआ। छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री माननीय श्री अरुण साव जी ने रेशम कृषि मेला 2025 एवं “मेरा रेशम, मेरा अभिमान” अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

तकनीकी प्रदर्शनी का हुआ उद्घाटन
रेशम उत्पादन से संबंधित तकनीकी प्रदर्शनी का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य एवं जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी के विशेष आतिथ्य में संपन्न हुआ। प्रदर्शनी में तसर से रेशम उत्पादन एवं वस्त्र निर्माण तक की संपूर्ण प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से प्रदर्शित किया गया। किसान भाइयों ने इसमें गहरी रुचि दिखाई। देशभर के 10 राज्यों से आए वैज्ञानिक और विशेषज्ञ कृषकों को उत्पादन बढ़ाने, रोग नियंत्रण और आधुनिक तकनीकी साधनों की जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव का संबोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा “रेशम मेला किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। प्रदेश की सरकार किसानों के उत्थान के लिए संकल्पित है और रेशम उत्पादन क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। सरकार किसानों को हर संभव सहयोग देगी।”

“रेशम कृषि मेला निश्चित ही हमारे रेशम कृषकों को आत्मनिर्भरता और समृद्धि की ओर ले जाएगा – गोपाल मोदी
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने कहा “रेशम कृषि मेला निश्चित ही हमारे रेशम कृषकों को नई तकनीकों से जोड़ते हुए आत्मनिर्भरता और समृद्धि की ओर ले जाएगा। यह आयोजन केवल प्रदर्शनी भर नहीं, बल्कि किसानों के जीवन में बड़ा परिवर्तन लाने वाला अभियान है।”

भव्य उपस्थिति ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन सिंह, एम.आई.सी. सदस्य हितानंद अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, जनपद-नगर प्रतिनिधि एवं सैकड़ों किसान शामिल हुए। साथ ही रेशम बोर्ड के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ एवं वैज्ञानिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रेशम किसानों के लिए नई उम्मीद
रेशम कृषि मेला 2025 और “मेरा रेशम, मेरा अभिमान” अभियान से किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कृषकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन उन्हें न केवल आधुनिक तकनीक से जोड़ते हैं बल्कि आत्मनिर्भर बनने के मार्ग पर भी अग्रसर करते हैं।

पाली में आयोजित यह रेशम कृषि मेला केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि रेशम किसानों के उज्ज्वल भविष्य, आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में मील का पत्थर है।






