
खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष श्री राकेश पांडेय ने बजट 2026-27 को बताया जनकल्याणकारी
रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष माननीय राकेश पांडेय जी (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट को प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक दूरदर्शी और जनकल्याणकारी दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों, व्यापारियों एवं मध्यम वर्ग के हितों को प्राथमिकता में रखकर तैयार किया गया है। बजट में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने, महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर सृजित करने पर विशेष बल दिया गया है।
श्री पांडेय ने कहा कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ अधोसंरचना विकास—सड़क, पेयजल, विद्युत एवं ग्रामीण विकास योजनाओं—के माध्यम से प्रदेश को नई गति देने का स्पष्ट संकल्प इस बजट में परिलक्षित होता है। यह बजट “विकसित छत्तीसगढ़” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा और प्रदेश को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करेगा।
उन्होंने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री को इस दूरदर्शी बजट के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।




