
सुभाष चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने की पुष्पवर्षा, राष्ट्रभक्ति के जयघोष से गूंजा नगर
कोरबा। राष्ट्र सेविका संघ का अनुशासित, प्रेरणादायी एवं राष्ट्रभाव से ओतप्रोत पथ संचलन आज आर.पी. नगर स्थित दशहरा मैदान से विधिवत प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ भव्य रूप में संपन्न हुआ। कदमताल की लय, अनुशासन की मिसाल और सेवा-समर्पण की भावना से सुसज्जित इस पथ संचलन ने नगरवासियों को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। पथ संचलन के दौरान सुभाष चौक पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा सेविकाओं का पुष्पवर्षा कर भव्य एवं आत्मीय अभिनंदन किया गया। इस दृश्य ने नगर में उत्साह, सम्मान और एकात्मता का अद्भुत संदेश दिया।
इस गरिमामय अवसर पर मुख्य वक्ता श्रीमती रचना नायडू जी प्रांत प्रचार प्रमुख, श्री जुड़ावन सिंह ठाकुर जी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, विद्या भारती, श्री कैलाश नाहक जी जिला कार्यवाह, श्री अशोक तिवारी जी नगर संचालक, श्री मृगेश यादव जी नगर कार्यवाह, उद्योग मंत्री श्री लखन देवानंद जी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत जी और पार्षद व जिला महामंत्री श्री नरेन्द्र देवांगन जी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और राष्ट्रभक्ति के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण देशप्रेम के रंग में रंग गया। नगरवासियों ने पथ संचलन का जगह-जगह स्वागत कर राष्ट्र सेविका संघ के अनुशासन, समर्पण और सामाजिक योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। यह पथ संचलन नारी शक्ति, राष्ट्र सेवा और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।







