
यह दिवस हमें एकता, अखंडता और भाईचारे के संकल्प के साथ राष्ट्र की सेवा में सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता हैं – गोपाल मोदी
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर निकाला गया भव्य मौन जुलूस, हुआ संगोष्ठी का आयोजन।

तेजस्वी न्यूज – सबसे तेज
कोरबा। जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी के अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी, जिला कोरबा द्वारा मौन जुलूस और संगोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में केबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन और प्रदेश मंत्री श्रीमती हर्षिता पांडेय ने भी अपने उद्बोधन में विभाजन की त्रासदी के बारे में बताया और उन सभी अमर आत्माओं को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने इस विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी। ट्रांसपोर्ट नगर चौक से आशीर्वाद प्वाइंट तक एक भव्य मौन जुलूस निकाला गया और आशीर्वाद प्वाइंट पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ, और विभाजन के दौरान हुए दुखदायी घटनाओं पर प्रकाश डाला गया।

जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया
मौन जुलूस के पश्चात आशीर्वाद प्वाइंट में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संगोष्ठी में उपस्थित पदाधिकारियों ने अपने प्रेरक उद्बोधनों से इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। इसी तारतम्य में जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने कहा कि यह स्मृति दिवस हमारे संकल्पों को दृढ़ करने का अवसर हैं। विभाजन के समय शरणार्थियों ने अपने खून-पसीने से देश का पुनर्निर्माण किया और आज हमें उसी आत्मबल को अपनाना होगा। भाजपा कोरबा जिला हर वर्ष इस दिन को उसी गरिमा और गंभीरता से मनाएगी, ताकि विभाजन के सबक और एकता का संदेश समाज में जीवित रहे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने भारी संख्या में भाग लेकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाया। श्री मोदी ने कहां की यह दिवस हमें एकता, अखंडता और भाईचारे के संकल्प के साथ राष्ट्र की सेवा में सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता हैं।

देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि मानें – हर्षिता पांडेय
मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती हर्षिता पांडेय ने कहा कि भारत का विभाजन केवल एक भौगोलिक घटना नहीं, बल्कि लाखों-करोड़ों परिवारों के जीवन पर पड़ा गहरा घाव है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उस समय माताएं अपने बच्चों को खो बैठीं, बहनें अपने भाइयों से बिछुड़ गईं और बुजुर्ग अपने पैतृक घरों से दूर होकर अनजान धरती पर नए सिरे से जीवन शुरू करने को विवश हुए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमें इस इतिहास को केवल किताबों में नहीं, बल्कि दिल में संजोना चाहिए, ताकि ऐसी त्रासदी फिर कभी न हो। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा इस दिन को मनाने का उद्देश्य सिर्फ अतीत को याद करना नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य को मजबूत बनाना है। श्रीमती पांडे ने युवाओं से विशेष आह्वान करते हुए कहा कि वे देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि मानें, समाज में भाईचारे को बढ़ावा दें और राष्ट्रहित के लिए हर संभव योगदान दें। उन्होंने कहा कि विभाजन की पीड़ा हमें एक मजबूत, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की प्रेरणा देती है।

भारत का विभाजन मानव इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक था – लखनलाल देवांगन
छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि भारत का विभाजन मानव इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक था। लाखों निर्दोष लोगों की हत्या, करोड़ों का विस्थापन और अनगिनत स्त्रियों-बच्चों की पीड़ा — यह सब हमें उस समय की भयावहता का स्मरण कराते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की कीमत केवल अंग्रेज़ों के शासन से मुक्ति नहीं, बल्कि अपने भाइयों और बहनों की कुर्बानी भी है। भाजपा इन स्मृतियों को संजोने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए यह आयोजन करती है, ताकि देश में एकता, भाईचारा और राष्ट्रीय गौरव का भाव सदा जीवित रहे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश न केवल आर्थिक और सैन्य दृष्टि से सशक्त हो रहा है, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक चेतना भी पुनर्जीवित हो रही है।

संगोष्ठी में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व नागरिक हुये शामिल
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, विधायक प्रेमचंद पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, एमआईसी मेंबर हितानंद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, लक्की नंदा, अजय चंद्रा, अशोक चावलानी, जोगेश लांबा, ज्योति नंद दुबे, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, मनीष मिश्रा, योगेश मिश्रा, अभिषेक गर्ग, नरेंद्र देवांगन, रामकुमार त्रिपाठी, मनोज मिश्रा, पवन सिन्हा, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, श्रीधर द्विवेदी, मिलाप बरेठ सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व नागरिक उपस्थित रहे।







