
संगठन ने जताया भरोसा: अखिलेश पाण्डेय संभालेंगे विधि प्रकोष्ठ की कमान
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता अखिलेश पाण्डेय को विधि प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। उनके साथ के.बी. शांडिल्य एवं प्रदीप पांडेय को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। पार्टी के वरिष्ठजनों एवं कार्यकर्ताओं ने अखिलेश पाण्डेय को नई जिम्मेदारी के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
नवनियुक्त जिला संयोजक अखिलेश पाण्डेय ने इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी व संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे संगठन को मजबूत करने, विधि प्रकोष्ठ की सक्रियता बढ़ाने एवं जनहित के मुद्दों पर प्रभावी कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उल्लेखनीय है कि अखिलेश पाण्डेय पूर्व में भी भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न पदों पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। यह नियुक्ति संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।












