
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सेवा संकल्प अभियान की संवेदनशील पहल, सहायक उपकरण पाकर बुजुर्गों के जीवन को मिली नई सहजता

कोरबा। उम्र के इस पड़ाव पर जब अपनों के साथ और थोड़े से सहारे की सबसे अधिक जरूरत होती है, तब सम्मान और सहयोग का एक छोटा-सा प्रयास भी चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकता है। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर कोरबा में आयोजित ‘वरिष्ठ वंदन’ कार्यक्रम में कुछ ऐसा ही भावुक और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला, जब स्नेह सदन में निवासरत वृद्ध कमला बाई को श्रवण यंत्र एवं छड़ी प्रदान की गई। सहायक उपकरण पाकर उनके चेहरे पर खुशी और संतोष की मुस्कान खिल उठी।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा टी.पी. नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम, कोरबा में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया तथा जरूरतमंद बुजुर्गों को आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदना और सहयोग की भावना को मजबूत करना तथा उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाना रहा।
श्रवण यंत्र से सुनने में मिलेगी मदद, छड़ी से आसान होगा आवागमन
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण उस समय सामने आया, जब कमला बाई को श्रवण यंत्र और छड़ी प्रदान की गई। कमला बाई ने बताया कि ऊंचा सुनाई देने के कारण उन्हें रोजमर्रा के जीवन में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब श्रवण यंत्र मिलने से उन्हें सुनने में मदद मिलेगी, वहीं छड़ी उनके आवागमन को पहले की अपेक्षा अधिक सहज बनाने में सहायक होगी।
सहायक उपकरण मिलने पर कमला बाई ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन, कोरबा के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके लिए यह सहायता केवल जरूरी उपकरणों तक सीमित नहीं, बल्कि दैनिक जीवन में सुविधा, आत्मविश्वास और सम्मान की अनुभूति से भी जुड़ी है।
वरिष्ठजनों का सम्मान, समाज के संस्कारों का सम्मान
भारतीय संस्कृति में वरिष्ठजन अनुभव, संस्कार और जीवन मूल्यों के संवाहक माने जाते हैं। उनके अनुभव परिवार और समाज को दिशा देते हैं। ऐसे में उनकी सेवा करना, उनकी गरिमा की रक्षा करना और जरूरत के समय सहयोग उपलब्ध कराना प्रत्येक व्यक्ति का सामाजिक एवं नैतिक दायित्व है।
‘वरिष्ठ वंदन’ जैसे आयोजन इसी भावना को आगे बढ़ाते हैं। वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान देने के साथ उनकी वास्तविक जरूरतों को समझना और उन्हें उपयोगी सहायता उपलब्ध कराना समाज में संवेदनशीलता और सहभागिता को मजबूत करता है।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी सिंह राजपूत, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री श्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती रुक्मणी नायर व श्री योगेश जैन, जिला संवाद प्रमुख श्री अर्जुन गुप्ता, जिला संयोजक आरटीआई प्रकोष्ठ श्री मनोज राठौर, श्री लक्ष्मण श्रीवास, श्री शैलेन्द्र यादव, श्री संजय राठौर, श्री नीरज ठाकुर एवं श्री अजय चंद्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडे सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में सम्माननीय वरिष्ठजन मौजूद रहे।
संदेश स्पष्ट है—वरिष्ठजनों का सम्मान केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवनभर निभाया जाने वाला दायित्व है। उनके अनुभवों को सम्मान देना, उनकी जरूरतों के प्रति संवेदनशील रहना और उनके जीवन को सहज बनाने का प्रयास करना ही सच्चे अर्थों में सेवा और संस्कार का परिचायक है।






