‘खिला-खिलाकर मार ही डालते हैं!’ बेल्जियम के पीएम ने भारतीय पकवानों की जमकर की तारीफ, बताया यूरोप का बड़ा बाजार
✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

नई दिल्ली। भारतीय व्यंजनों का स्वाद और मसालों की खुशबू दुनियाभर में अपनी खास पहचान बना चुकी है। भारत दौरे पर आए बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर भी भारतीय पकवानों के कायल नजर आए। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भारतीय भोजन की जमकर तारीफ की और अपने चुटीले अंदाज में कहा कि भारतीय लोगों को इतना स्वादिष्ट खाना खिलाते हैं कि ‘खिला-खिलाकर मार ही डालते हैं।’
भारतीय खाने के ‘राज’ पर पीएम ने किया मजेदार कमेंट
कार्यक्रम में बोलते हुए बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें अब भारतीयों के ‘खिला-खिलाकर मारने के रहस्य’ का पता चल गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय बेहद स्वादिष्ट खाना धीरे-धीरे खिलाते हैं और इसी तरह लोगों का दिल जीत लेते हैं।
बार्ट डी वेवर ने भारतीय व्यंजनों की लोकप्रियता को यूरोप के लिए एक बड़े कारोबारी अवसर के रूप में भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बेल्जियम भारतीय खाद्य उत्पादों के लिए यूरोप का प्रवेश द्वार बन सकता है।
‘यूरोप है बहुत बड़ा मार्केट’
बेल्जियम के पीएम ने कहा कि यूरोप भारतीय स्वाद और खाद्य उत्पादों के लिए बहुत बड़ा बाजार है। बेल्जियम इस दिशा में भारत और यूरोप के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभा सकता है।
उनकी इस टिप्पणी के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भी मुस्कुराहट देखने को मिली। भारतीय व्यंजनों की तारीफ करते हुए बेल्जियम के प्रधानमंत्री का यह मजेदार अंदाज सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।








