कोरबा

तेज रफ्तार वाहन का कहर: 9 गौवंशों को रौंदा, 6 की मौके पर मौत, 3 गंभीर; जेसीबी से उठाने पर भी उठे सवाल

✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

खून से लाल हुई सड़क, 6 गौमाताओं की दर्दनाक मौत
तेज रफ्तार वाहन ने 9 गौवंशों को कुचला, 3 जिंदगी और मौत से जूझ रहीं

जेसीबी से गौवंशों को उठाने पर नाराजगी, वाहन चालक पर कार्रवाई को लेकर पुलिस का जवाब भी स्पष्ट नहीं।

कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत कुदुरमाल के भाटापारा में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन ने सड़क पर मौजूद गौवंशों को बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 9 गायें वाहन की चपेट में आ गईं, जिनमें से 6 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 गायें गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी संख्या में ग्रामीण और गौ-सेवक मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। मृत गौवंशों को हटाने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता से ट्रैक्टर में लादा गया, जिसे देखकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि जिस गौमाता को समाज पूजनीय मानता है, उसके शवों को इस तरह मशीन से उठाना संवेदनहीनता को दर्शाता है।

मौके पर मौजूद पुलिस की उपस्थिति में यह पूरी कार्रवाई हुई। इस दौरान भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता ने सब इंस्पेक्टर नवीन पटेल से दुर्घटना करने वाले वाहन चालक और वाहन मालिक के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में जानकारी चाही, लेकिन नवीन पटेल द्वारा कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों और गौ-सेवकों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक एवं वाहन मालिक के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, साथ ही घायल गौवंशों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लगातार हो रहे ऐसे हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button