
पाली। भारतीय जनता पार्टी पाली मंडल द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंडल के विभिन्न बूथों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में लागू दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था का विरोध करते हुए देश की एकता के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका प्रसिद्ध नारा “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” आज भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। उनके बलिदान ने देश की एकता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग एवं समर्पण की अनुपम मिसाल है।
पाली नगर के बूथ क्रमांक 304 स्थित महामाया मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल, मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल, मंडल उपाध्यक्ष हरीश चावड़ा, मंडल महामंत्री कामता जायसवाल एवं तारकेश्वर पटवा, वरिष्ठ कार्यकर्ता मंगल सिंह छाबड़ा, गुरदयाल सिंह गंभीर, पुष्पक सिंह ठाकुर, पार्षद सोना ताम्रकार, रामविलास जायसवाल, छत्रपाल सिंह पैकरा, गणेश चौहान, अंकित अग्रवाल तथा राममिलन यादव सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।







