योग को दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित समाज के निर्माण का करें संकल्प – मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब

योग से शारीरिक एवं मानसिक दक्षता में होती है वृद्धि – कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत
कोरबा। बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरबा नगरीय क्षेत्र स्थित लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंत्री श्री खुशवंत साहेब ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा योग के महत्व और उससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के उर्जावान व लोकप्रिय जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ राजीव सिंह, पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री अशोक चावलानी, एमआईसी मेंबर श्री हितानंद अग्रवाल, जिला संवाद प्रमुख श्री अर्जुन गुप्ता, जिला सह संवाद प्रमुख श्री शैलेन्द्र यादव, जिला सह संयोजक सोशल मीडिया श्री नीरज ठाकुर, वरिष्ठ नेता श्री राकेश नागरमल अग्रवाल, श्रीमती ज्योति वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश नाग, अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव, एसडीएम श्री सरोज महिलांगे जी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री श्री खुशवंत साहेब ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है, जिसने आज संपूर्ण विश्व को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, चिंता और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। मंत्री श्री खुशवंत साहेब ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो व्यक्ति के शरीर, मन और बुद्धि के संतुलित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और आज विश्व के करोड़ों लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और युवाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। कौशल विकास के साथ-साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता का विकास भी आवश्यक है, जिसमें योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मंत्री श्री खुशवंत साहेब ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि प्रतिदिन योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं तथा परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण तथा विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में योग शिक्षक श्री रामेश्वर प्रसाद पांडे ने योग के महत्व को बताते हुए योग को नियमित रूप से अपने जीवन मे शामिल करने प्रेरित किया। मंत्री श्री खुशवंत साहेब सहित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारी कर्मचारियों एवं नगरवासियों ने ताड़ासन, पवन मुक्तासन, हलासन, शवासन, कपाल भारती, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, प्राणायाम आदि का सामूहिक योगाभ्यास करके स्वस्थ जीवन, नियमित योग एवं जन-जागरूकता का संदेश दिया। सामूहिक योग कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ दिलाई गई।






