पीएम मोदी की अपील का असर: विधायक सुशांत शुक्ला बाइक से पहुंचे कलेक्टर कार्यालय की बैठक में, सादगी और ईंधन बचत का दिया संदेश
✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

बिलासपुर। प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से सादगी अपनाने और ईंधन की बचत करने की अपील का असर अब जनप्रतिनिधियों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में बाइक से पहुंचे। विधायक का यह सादा और अलग अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

आमतौर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में वाहन और समर्थकों का काफिला देखने को मिलता है, लेकिन विधायक सुशांत शुक्ला ने सादगी का परिचय देते हुए बाइक से पहुंचकर यह संदेश देने का प्रयास किया कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को भी संसाधनों के संरक्षण और अनावश्यक खर्च में कटौती के लिए आगे आना चाहिए।
कलेक्टर कार्यालय परिसर में विधायक को बाइक से पहुंचते देख अधिकारियों, कर्मचारियों और मौजूद लोगों में उत्सुकता दिखाई दी। कई लोगों ने इसे प्रधानमंत्री मोदी की सोच से प्रेरित सकारात्मक पहल बताया। विधायक ने भी चर्चा के दौरान कहा कि ईंधन की बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि स्वयं सादगी अपनाएंगे तो समाज में भी सकारात्मक संदेश जाएगा। बढ़ती ईंधन खपत और प्रदूषण को देखते हुए हर व्यक्ति को छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देने की जरूरत है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल प्रतीकात्मक पहल नहीं, बल्कि आम लोगों को जागरूक करने का प्रयास है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते रहे हैं और विधायक सुशांत शुक्ला ने उसी सोच को जमीन पर उतारने का काम किया है।




