वरुथिनी एकादशी पर श्री श्याम मंदिर कोरबा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

श्री श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सागर, भक्तों ने मांगी सुख-समृद्धि।
श्री श्याम मंदिर कोरबा में वरुथिनी एकादशी पर उमड़ी आस्था की भीड़।
कोरबा। वैशाख माह के कृष्ण पक्ष में आने वाली पावन वरुथिनी एकादशी के अवसर पर श्री श्याम मंदिर कोरबा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा और पूरा वातावरण भक्ति व श्रद्धा से सराबोर नजर आया।

इस विशेष दिन भगवान विष्णु के वराह अवतार की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, आरोग्य और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर में भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया।

महिलाएं, पुरुष और युवा सभी उत्साहपूर्वक व्रत रखकर भगवान विष्णु और खाटू श्याम की भक्ति में लीन नजर आए। पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा और “जय श्री हरि” खाटू श्याम के जयकारों से मंदिर गूंजता रहा। धार्मिक मान्यता के अनुसार, वरुथिनी एकादशी का व्रत रखने से सभी पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। यही कारण है कि इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं।

श्रद्धा, भक्ति और आस्था के इस अद्भुत संगम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि कोरबा में धार्मिक आयोजनों के प्रति लोगों का उत्साह और विश्वास आज भी अटूट है।






