कोरबा

महिला शक्ति की निर्णायक भूमिका पर जोर: भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न

✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, भाजपा प्रदेश कार्यालय में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जम्वाल ने महिला नेतृत्व को राजनीति और संगठन में और अधिक मुखर, सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभाने का आह्वान किया। श्री जम्वाल ने कहा कि आज की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी केवल उपस्थिति तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि नीति निर्माण, निर्णय प्रक्रिया और जनसंपर्क के प्रत्येक मोर्चे पर महिलाओं की सशक्त मौजूदगी अनिवार्य है। उन्होंने महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे संगठनात्मक दायित्वों के साथ-साथ केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग से सीधा संवाद स्थापित कर सकती हैं, जिससे योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जा सके।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी के निर्देशानुसार आयोजित इस परिचयात्मक बैठक में आगामी कार्ययोजनाओं, संगठन विस्तार तथा जमीनी स्तर पर गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियानों एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों पर विशेष फोकस रखा गया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रय—श्री यशवंत जैन, श्री अखिलेश सोनी एवं डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने महिला मोर्चा द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आगामी समय में और अधिक सक्रियता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि महिला मोर्चा संगठन की रीढ़ है और आने वाले समय में प्रदेशभर में सशक्त अभियान चलाकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया जाएगा। बैठक में महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री द्वय श्रीमती शीतल नायक एवं श्रीमती फुलेश्वरी पैकरा, भाजपा महिला मोर्चा जिला कोरबा की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति स्वर्णकार, महिला मोर्चा की सभी प्रदेश पदाधिकारी तथा प्रदेश के सभी जिलों की अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

बैठक का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और सभी उपस्थितजनों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस बैठक के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट संदेश दिया कि आने वाले राजनीतिक एवं संगठनात्मक अभियानों में महिला शक्ति निर्णायक भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button
× Contact us