
कोरबा। वार्ड क्रमांक 27 महाराणा प्रताप नगर में पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान के अंतर्गत उत्साहपूर्ण और सफल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान में पार्षद श्रीमती वर्षा दिनेश वैष्णव एवं पूर्व पार्षद श्री दिनेश वैष्णव की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम को जनसमर्थन और गति मिली।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता नंदलाल राठिया जी, स्वाति लहरे जी, ज्योति पांडे जी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आसमां जायसवाल एवं आंगनवाड़ी सहायिका संतोषी चौहान ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए वार्ड के विभिन्न स्थलों पर पहुँचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। दशहरा मैदान एमपी नगर, अटल आवास सामुदायिक भवन तथा आंगनवाड़ी केंद्र सहित कई प्रमुख स्थानों पर शिविर लगाकर 0 से 5 वर्ष तक के छोटे बच्चों को “दो बूंद ज़िंदगी की” पिलाई गई।

पार्षद श्रीमती वर्षा दिनेश वैष्णव एवं पूर्व पार्षद श्री दिनेश वैष्णव ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं, ताकि समाज को पोलियो मुक्त बनाया जा सके। इस अभियान में स्थानीय नागरिकों का भी भरपूर सहयोग देखने को मिला। स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत और जनप्रतिनिधियों की जागरूक पहल से वार्ड में पल्स पोलियो अभियान को बड़ी सफलता प्राप्त हुई।




