कोरबाधर्म और आस्थाराजनीतिक
कोरबा में गुंजा रामभक्ति का महासंगम — जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी ने किया रामभक्ति के अमृत रस का रसपान
✍️ तेजस्वी न्यूज - सबसे तेज

श्री रामभक्ति के महासंगम में शामिल हुए जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी।
ऐसी कथाएँ समाज में भक्ति, नैतिकता और आदर्श जीवन के संस्कारों को प्रोत्साहित करती हैं – श्री गोपाल मोदी

कोरबा। पीलीकोठी दीनदयाल मार्केट परिसर इन दिनों दिव्य रामभक्ति की अनुभूति से सराबोर है, जहां भव्य श्री राम कथा का आयोजन श्रद्धापूर्वक जारी है। आज के कथा दिवस में विख्यात एवं लोकप्रिय कथा वाचक पं. श्री शंभू शरण लाटा जी ने भक्तों को श्री राम वनवास की करुणा, मर्यादा और ‘केवट प्रसंग’ की अतुलनीय भक्ति-भावना से ओतप्रोत अद्भुत कथा सुनाई।

कथा वाचक ने श्री राम और केवट के मिलन, सेवा-भाव और प्रभु भक्ति के ममत्व को इतने भावपूर्ण और संगीतमय अंदाज़ में प्रस्तुत किया कि पूरा पांडाल “जय श्रीराम” के जयघोषों से गूंज उठा। श्रद्धालु भाव-विभोर होकर कथा के हर प्रसंग में डूबते चले गए और वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक आभा से आलोकित हो उठा।

इस पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के उर्जावान जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। वे एकाग्रचित्त होकर कथा श्रवण करते रहे और अंत में आयोजकों एवं कथा व्यास के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि ऐसी कथाएँ समाज में भक्ति, नैतिकता और आदर्श जीवन के संस्कारों को प्रोत्साहित करती हैं।

इस अवसर पर समाजसेवी और भाजपा नेता राकेश नागरमल अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, नीरज ठाकुर, योगेश मिश्रा व स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ शहरभर से आए भक्तों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा का आनंद लिया, जिससे आयोजन स्थल में भक्तिमय, शांतिपूर्ण और अत्यंत श्रद्धापूर्ण माहौल बना रहा।




