
“आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में कोयला उद्योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण – केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे ने किया दीपका कोयला खदान का निरीक्षण एवं कर्मवीरों का सम्मान, एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत किया वृक्षारोपण, इस खास अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी सहित भाजपा के पदाधिकारीगण हुए शामिल।

कोरबा। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे आज कोरबा दौरे पर पहुंचे। दीपका स्थित प्रगति हाउस में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने पुष्पगुच्छ और शाल भेंट कर मंत्री जी का आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने दीपका स्थित एसईसीएल (SECL) द्वारा संचालित कोयला खदान का निरीक्षण किया। उन्होंने खदान के उत्पादन, परिचालन और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी ली।

एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया
एसईसीएल दीपका क्षेत्र पहुंचने पर मंत्री ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत प्रगति हाउस में वृक्षारोपण किया। इसके पश्चात दीपका क्षेत्र में प्रस्तावित प्रवेश द्वार एवं सिक्योरिटी कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास भी उनके करकमलों द्वारा संपन्न हुआ।

“आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में कोयला उद्योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि,“आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में कोयला उद्योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में कोल सेक्टर ने अभूतपूर्व प्रगति की है। कभी जहां देश में कोयले की कमी की चर्चा होती थी, आज वहां बिजली संयंत्रों के पास पर्याप्त कोयला भंडार है और ऊर्जा उत्पादन निर्बाध चल रहा है। कोयला उत्पादन के साथ-साथ हरित खनन और पर्यावरण-संवेदनशीलता पर भी विशेष बल दिया जा रहा है। कोल इंडिया क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में भी सक्रियता से कार्य कर रहा है। देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में एसईसीएल की भूमिका अत्यंत सराहनीय है, जो ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी अग्रणी है। एसईसीएल की धड़कन’ जैसी मानवीय पहल इसका प्रमाण है।”

दीपका व्यू पॉइंट पर पहुंचकर श्री दुबे ने खदान के उत्पादन, उत्पादकता और कार्यसंचालन की समीक्षा की तथा अधिकारियों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की। दीपका मेगा प्रोजेक्ट के संबंध में एक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मंत्री महोदय को परियोजना की प्रगति, उत्पादन क्षमता एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी गई।

मंत्री ने क्षेत्र में कार्यरत उत्कृष्ट महिला कर्मियों सहित कई कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मंत्री श्री दुबे ठेकेदारी श्रमिकों के कैंप भी गए। उन्होने वहां रह रहे श्रमिकों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और उनकी सुविधाओं की स्थिति की स्थिती जानी।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, कोरबा नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी सिंह राजपूत, श्री ज्योति नंद दुबे, श्री राजेन्द्र राजपूत, श्री लक्की नंदा, श्री अजय कुमार चंद्रा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री का यह दौरा न केवल कोरबा के औद्योगिक विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल रहा, बल्कि ऊर्जा नगरी कोरबा में जनप्रतिनिधियों व कर्मवीरों के सम्मान के माध्यम से जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत किया।





