
‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से गूंजा कोरबा
वंदे मातरम्’ केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, समर्पण और सेवा की भावना का सशक्त स्वर हैं – श्री लखनलाल देवांगन
वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारतीय जनमानस की आत्मा और राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रतीक हैं – श्री गोपाल मोदी

कोरबा। भारत की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम और मातृभूमि के प्रति अपार श्रद्धा का प्रतीक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्‘ आज भी प्रत्येक भारतीय के हृदय में स्वाभिमान और देशभक्ति का स्वर जगाता है। इसी अमर रचना की 150 वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज देशभर में एक भव्य राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से संपन्न हुआ, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री श्री मोदी के इस विशेष संबोधन का सीधा प्रसारण कोरबा जिला कार्यालय के नये सभाकक्ष में किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने कार्यक्रम को एक साथ देखा एवं सुना। कार्यक्रम में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी शामिल हुए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ हमारे राष्ट्र की आत्मा का स्वर है। यह गीत भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के मन में स्वाभिमान, साहस और संघर्ष की ज्योति जगाने वाला रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति आदर, सम्मान और भावनात्मक एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर, स्वाधीनता संग्राम और राष्ट्रीय मूल्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

वंदे मातरम्’ हमें सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प देता है — श्री लखनलाल देवांगन
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, समर्पण और सेवा की भावना का सशक्त स्वर है, जिसे आज देश का प्रत्येक नागरिक अपने मन में संजोए हुए है। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर यह 150वीं वर्षगांठ न केवल स्मरण का अवसर है, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प भी है। ‘वंदे मातरम्’ ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लोगों में स्वाभिमान और देशप्रेम की ज्वाला प्रज्वलित की थी, और यह आज भी नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने आगे कहा कि हमें इस अमर राष्ट्रीय धरोहर को केवल गान के रूप में ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और कर्तव्यनिष्ठा के रूप में आत्मसात करना चाहिए, ताकि हम सभी मिलकर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकें।

‘वंदे मातरम्’ हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत — श्री गोपाल मोदी
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारतीय जनमानस की आत्मा और राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रतीक है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में इस गीत ने लाखों देशभक्तों को मातृभूमि के लिए सर्वस्व अर्पण करने की प्रेरणा दी थी, और आज भी यह गीत नई पीढ़ी को अपने देश के प्रति कर्तव्य, समर्पण और गर्व का बोध कराता है। श्री मोदी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के प्रत्येक शब्द में वह ओज और ऊष्मा है, जो हर भारतीय के भीतर राष्ट्रभक्ति की ज्वाला प्रज्वलित करती है। यह गीत भारत के गौरवशाली अतीत, सांस्कृतिक वैभव और एकता के संदेश को समेटे हुए है। उन्होंने कहा कि आज जब देश आज़ादी के अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है, तब ‘वंदे मातरम्’ की भावना को आत्मसात कर युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह गीत केवल ऐतिहासिक महत्व का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की अभिव्यक्ति है। यह वह गीत है जिसने आंदोलनकारियों में नई ऊर्जा और संघर्ष की भावना को जन्म दिया था। आज भी जब यह गीत गूंजता है, तो हर भारतीय का हृदय गौरव से भर उठता है। श्री गोपाल मोदी ने आगे कहा कि ‘वंदे मातरम्’ हमें यह स्मरण कराता है कि हमारी मातृभूमि केवल भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि हमारी पहचान, हमारी संस्कृति और हमारी अस्मिता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि इस अमर गीत के संदेश को अपने जीवन में उतारें और राष्ट्रहित में सदैव तत्पर रहें।

इस दौरान सभागार में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने एक साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। सामूहिक स्वर में गूँजते ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से सम्पूर्ण वातावरण देशभक्ति और उत्साह की भावना से भर उठा।
इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, निवर्तमान जिलाध्यक्ष डाॅ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री संजय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष रेणुका राठिया, लक्की नंदा, जिला मंत्री कमला बरेठ, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, सह मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र यादव, मंडल अध्यक्ष डाॅ. राजेश राठौर, नीरज ठाकुर, प्रकाश अग्रवाल, श्रीमती सुष्मिता अनंत, सावित्री कंवर, विनोद अग्रवाल, लक्ष्मीकांत जोशी अन्य जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





